केकड़ी, 23 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अष्टान्हिका पर्व के अवसर पर आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि अंतरंग सद्भावना एवं मनोयोगपूर्वक पूजन-विधान और अनुष्ठान करने से सातिशय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। जिस प्रकार शासन के सुचारू संचालन के लिए संविधान आवश्यक है, उसी प्रकार संसार अवस्था से सिद्ध अवस्था प्राप्त करने की भी एक विधि है, जिसे विधान कहा जाता है। यह आत्मा को परमात्मा बनाने की क्रियाविधि है।

जिनवाणी की आराधना से प्रकाशित होता जीवन पथ: माताजी ने कहा कि मनुष्य को धर्म के प्रति प्रगाढ़ श्रद्धा रखते हुए आत्मचिंतन करना चाहिए। आत्मा के स्वरूप को समझने से धार्मिक अनुष्ठान, संयम और त्याग के प्रति भावना जागृत होती है। श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान सिद्धों के समूह की आराधना का विधान है। प्रत्येक व्यक्ति को इसकी आराधना कर विधान के पाठ का मनन एवं चिंतन करते हुए आत्मउत्थान और आत्मकल्याण का प्रयास करना चाहिए। जिनवाणी की आराधना जीवन पथ को प्रकाशित कर आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है।

श्रद्धालुओं ने की सिद्ध भगवान के 1024 गुणों की आराधना: मीडिया प्रभारी रमेश जैन ने बताया कि विधान के दौरान आठवीं पूजा में सिद्ध भगवान के 1024 गुणों की आराधना की गई। इस अवसर पर भगवान के 1008 नामों का स्वरूप कथन कर अर्घ्य सहित श्रीफल समर्पित किए गए। प्रातः जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेंद्र अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। आचार्यश्री के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट के साथ पूर्वाचार्यों के अर्घ्य समर्पित किए गए। इन धार्मिक क्रियाओं का पुण्यार्जन रामेश्वरलाल, ओमप्रकाश, राजेंद्र कुमार, कमल कुमार एवं अनिल कुमार गोयल जूनिया परिवार ने प्राप्त किया।

मधुर संगीत के बीच हुआ विधान का निष्ठापन: आर्यिका संघ के सानिध्य तथा बा.ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री के निर्देशन में संगीतकार रोबिन जैन भिंड (म.प्र.) के मधुर संगीत के बीच विधान का निष्ठापन हुआ। शाम को आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी एवं जिज्ञासा समाधान सहित आनंद यात्रा आयोजित की गई। बा.ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री के निर्देशन में धार्मिक जैन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। मंगलवार को आर्यिका संघ के सानिध्य में विश्व शांति महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन होगा।












