Tuesday, November 24, 2026
Home समाज राग-द्वेष छोड़कर परोपकार की राह अपनाएं: आर्यिका सुरम्यमति माताजी, सिद्धचक्र महामंडल विधान...

राग-द्वेष छोड़कर परोपकार की राह अपनाएं: आर्यिका सुरम्यमति माताजी, सिद्धचक्र महामंडल विधान संपन्न; बुधवार को मंगल विहार

केकड़ी: आहारचर्या के बाद आर्यिका सुरम्यमति माताजी से आशीर्वाद प्राप्त करते लाभार्थी परिवार के सदस्य।

केकड़ी, 24 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मनुष्य को मैत्री भाव अपनाकर राग-द्वेष और कषाय भावों को कम करने का प्रयास करना चाहिए। धार्मिक विधान और आराधना से मानव जीवन की दशा और दिशा बदल सकती है। ईर्ष्या, दुर्भावना और परनिंदा का त्याग कर परहित एवं परोपकार के कार्यों में मन लगाना चाहिए। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन एवं विश्व शांति महायज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि धन के प्रति अत्यधिक आसक्ति पारिवारिक वैमनस्य और मनमुटाव का कारण बनती है, इसलिए संतोष रूपी धन को महत्व देना चाहिए। गुरु, माता-पिता के प्रति श्रद्धा और आस्था रखते हुए उनके वचनों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। प्रेम, वात्सल्य, करुणा और सेवा से मनुष्य जीवन में वास्तविक उपलब्धियां प्राप्त कर सकता है। व्यक्ति को दूसरों के दोष देखने के बजाय आत्मनिरीक्षण करना चाहिए तथा अपने परिणामों में विशुद्धता बनाए रखनी चाहिए।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि आयोजन के तहत प्रातः जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेंद्र अर्चना, आचार्य श्री के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट सहित पूर्वाचार्यों के अर्घ्य समर्पित किए गए। इन क्रियाओं का पुण्यार्जन रामेश्वरलाल, ओमप्रकाश, राजेन्द्र कुमार, कमल कुमार एवं अनिल कुमार गोयल जूनियां वालों ने किया। आचार्य सुंदर सागर महाराज की पूजा के बाद हवन-यज्ञ एवं विश्व शांति महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान संपन्न हुआ। समस्त धार्मिक क्रियाएं ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुईं। दिलीप जैन ने बताया कि शाम को आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं आनंद यात्रा के कार्यक्रम हुए। चातुर्मास निष्ठापन के बाद आर्यिका श्री सुरम्यमति माताजी ससंघ का बुधवार को सायं 3 बजे गुणोदय तीर्थ क्षेत्र गुलगांव की ओर मंगल विहार होगा।