केकड़ी, 11 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना क्षेत्र के धुंवालिया स्थित श्री भीमेश्वर फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल पंप की मशीनों में तोड़फोड़ करने, सेल्समैन के साथ मारपीट कर एक लाख रुपए से भरा बैग छीनने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक अंकुर मीणा की रिपोर्ट पर केकड़ी शहर थाना पुलिस ने दो नामजद व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पेट्रोल पंप संचालक अंकुर मीणा ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:04 बजे एक पावरट्रैक ट्रैक्टर डीजल भरवाने आया था। ट्रैक्टर पर मस्तराम वैष्णव निवासी रामपुरा भी सवार था। डीजल भरवाने के बाद भुगतान मांगने पर ट्रैक्टर मालिक से बात कराने और उधार डीजल देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान मस्तराम ने संचालक के साथ गाली-गलौज की, हमला करने का प्रयास किया और पेट्रोल पंप में आग लगाने सहित गंभीर धमकियां दीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराया।

मशीनों में की तोड़फोड़: रिपोर्ट के मुताबिक 9 अक्टूबर को मध्यरात्रि के पश्चात करीब 12:50 बजे मस्तराम वैष्णव अपने साथी नंदकिशोर वैष्णव उर्फ छोटू के साथ थार गाड़ी में पेट्रोल पंप पहुंचा। दोनों ने डंडे और कुल्हाड़ी आदि से पेट्रोल पंप की मशीनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां कार्यरत सेल्समैन राजाराम गुर्जर व विकास बलाई के साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान राजाराम गुर्जर के होंठ पर चोट आई तथा आरोपियों ने थार गाड़ी उसके ऊपर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं दूसरे सेल्समैन विकास बलाई के साथ भी मारपीट कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और उसका बैग छीनने का आरोप है। बताया जाता है कि छीने गए बैग में पेट्रोल-डीजल की बिक्री के करीब एक लाख रुपए रखे थे। पेट्रोल पंप की मशीनों में तोड़फोड़ से करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। केकड़ी शहर थाना पुलिस ने मस्तराम वैष्णव एवं नंदकिशोर वैष्णव के खिलाफ बीएनएस एवं एससी एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के जिम्मे की गई है।













