Monday, November 23, 2026
Home क्राइम न्यूज हादसे ने छीनी दो परिवारों की खुशियां: अजमेर-कोटा राजमार्ग पर ट्रेलर के...

हादसे ने छीनी दो परिवारों की खुशियां: अजमेर-कोटा राजमार्ग पर ट्रेलर के नीचे दबकर दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

केकड़ी: हादसे में मृत फारूक अंसारी व मुस्तकीम अहमद अंसारी (फाइल फोटो)

केकड़ी, 05 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र में अजमेर-कोटा राजमार्ग पर गुरुवार सुबह जगपुरा गांव के निकट भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और बाइक सवार दो युवक उसके नीचे दब गए। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक करीब 20 मिनट तक ट्रेलर के नीचे दबे रहे। क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर सरवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय भिजवाया।

केकड़ी: हादसे के बाद पलटे ट्रेलर को सीधा करती क्रेन।

क्या है मामला: प्राप्त जानकारी के अनुसार सरवाड़ निवासी मोहम्मद फारूक अंसारी और मुस्तकीम अहमद अंसारी गुरुवार सुबह केकड़ी चिकित्सालय जाने के लिए निकले थे। ग्राम जगपुरा और सूरजपुरा के बीच रास्ते में उन्हें सरवाड़ निवासी नसरुद्दीन पठान मिला। दोनों युवकों ने बाइक रोककर उससे बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान केकड़ी की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया और बाइक सवार मोहम्मद फारूक तथा मुस्तकीम उसके नीचे दब गए। वहीं नसरुद्दीन उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

क्रेन की मदद से निकाले शव: हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ट्रेलर के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 20 मिनट बाद क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर घायल नसरुद्दीन पठान को केकड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू करवाया।

केकड़ी: हादसे के बाद राजकीय जिला चिकित्सालय में उपचाररत नसरुद्दीन पठान।

मदरसे में अध्यापक थे मुस्तकीम: हादसे में मृतक मुस्तकीम अहमद अंसारी मदरसा बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालय में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिए। नशे में होने का आरोप, चालक फरार: दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।