केकड़ी, 24 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की ओर से महाराजा अजमीढ़ की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय समारोह के पहले दिन शनिवार को सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं। हाऊजी, चेयर रेस, ऑन द स्पॉट ड्राइंग, अपोजिट गेम, कविता पाठ, डांस, ग्लास हिट बॉल एवं डांडिया नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में समाज के बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंशुबाला स्वर्णकार रहीं, जबकि अध्यक्षता पार्षद पूजा सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि महिला सचिव कैलाश देवी अग्रोया एवं महिला उपाध्यक्ष चंदा देवी जवड़ा रहीं। प्रतियोगिताओं का संचालन अर्जुन सारड़ीवाल, अमन सारड़ीवाल, दीपक डसानिया एवं कान्हा बेवाल ने किया। निर्णायक के रूप में सीमा लांबा, सुनीता सोनी, मंजू गढ़वाल, संगीता सोनी, अंजू रोड़ा, किरण सारड़ीवाल एवं शांति स्वर्णकार ने सेवाएं दीं।

विधायक शत्रुघ्न गौतम होंगे मुख्य अतिथि: समाज अध्यक्ष किशन प्रकाश अग्रोया ने बताया कि जयंती के तहत रविवार को सुबह यज्ञ एवं अग्निहोत्र के बाद महाराजा अजमीढ़ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमे विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता लांबा हरिसिंह की नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष सोनिया गौरव सोनी करेंगी। कार्यक्रम के संयोजक किशन प्रकाश अग्रोया होंगे। अतिविशिष्ट अतिथि देहात जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश डसानिया तथा विशिष्ट अतिथि पार्षद नवीन सोनी (सरवाड़), पूजा सोनी (केकड़ी), नीतेश सोनी (टोडारायसिंह), मोनिका सोनी (मालपुरा), जयवर्धन सोनी (डिग्गी) एवं अमन सोनी (टांटोटी) होंगे।

नगर के विभिन्न मार्गो से निकलेगी शोभायात्रा: मीडिया प्रभारी जे.पी. सोनी ने बताया कि शोभायात्रा जुवाड़ियां मोहल्ला स्थित समाज संस्था भवन से रवाना होकर सदर बाजार, घंटाघर, अजमेरी गेट, अस्पताल मार्ग एवं खिड़की गेट होते हुए पुनः संस्था भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, आकर्षक रथ, केसरिया पताकाएं, दो अश्व एवं महाराजा अजमीढ़ की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभायात्रा के बाद स्नेहभोज होगा। दोपहर 3 बजे आयोजित सम्मान समारोह में समाज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक भजन-कीर्तन होंगे तथा रात 12:15 बजे अमृततुल्य खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

बंद रहेंगे व्यापारिक प्रतिष्ठान: समाज अध्यक्ष किशन प्रकाश अग्रोया ने समाजबंधुओं से सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील की। मुख्य समारोह के अवसर पर समाज के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आयोजन को सफल बनाने में अजमेर जिला देहात अध्यक्ष ओमप्रकाश डसानिया, कोषाध्यक्ष गोविंद स्वरूप जवड़ा, किशन गोपाल रूणवाल, चिरंजी लाल सोनी, हीरालाल कांदला, जे.पी. सोनी, राकेश कुल्थया, अखिलेश कुमार गढ़वाल, अशोक कुमार सोनी, अर्जुन सोनी, गौतम सोनी, हरिप्रसाद सोनी, रामगोपाल स्वर्णकार, राजेश बेवाल, रामदेव सोनी, शिवराज सोनी, हनुमान सोनी (नासिरदा), हनुमान खजवानिया, दीपक डसानिया, अरुण सोनी एवं मनीष सोनी सहित समाज के अनेक सदस्य सहयोग कर रहे हैं।













