केकड़ी, 24 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गांवों की सरकार चुनने के लिए शनिवार को हुए पंच-सरपंच चुनाव में ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों के 83 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां सरपंच पद के लिए 162 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि 189 वार्डपंच पदों के लिए 575 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। वहीं 33 वार्डपंच पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके है। लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने देवगांव स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।

उत्साह से किया मतदान: सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। दोपहर बाद मतदान में तेजी आई, जो मतदान समाप्ति तक बनी रही। युवा मतदाताओं और महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया। बुजुर्ग और दिव्यांगजन भी लाठी के सहारे तथा परिजनों के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने दिव्यांग रथ उपलब्ध कराए थे। छोटे बच्चों को गोद में लेकर मतदान करने पहुंचीं महिलाओं का उत्साह भी देखने लायक रहा। प्रत्याशियों के समर्थक दिनभर मतदाताओं को मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों से मतदान केंद्रों तक लाने-ले जाने में जुटे रहे।

मेवदा में हुआ हंगामा: मतदान के दौरान मेवदाकला में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने एक महिला पर फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। बाद में अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। मतदान प्रतिशत की बात करें तो सुबह 10 बजे तक 19.14 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 40.22 प्रतिशत, अपराह्न तीन बजे तक 55.76 एवं सायं 6 बजे तक 79.43 प्रतिशत मतदान हुआ।

प्रशासनिक अधिकारी रहे सक्रिय: मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार सक्रिय रहे। चुनाव पर्यवेक्षक महावीर प्रसाद मीणा (आईएएस), अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भंडारी, निर्वाचन पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, तहसीलदार ओमप्रकाश लोहार और नायब तहसीलदार केन्द्र प्रसाद शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हर गतिविधि पर पुलिस की रही पैनी नजर: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र पाल सिंह, पुलिस उप अधीक्षक केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता, पुलिस उप अधीक्षक दरगाह अजमेर हर्षित शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक साइबर सेल शमशेर खान, शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी और सदर थानाधिकारी मुकेश गोरा सहित पुलिस अधिकारियों ने जाप्ते के साथ गश्त कर स्थिति पर नजर रखी। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था रही, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।













