Monday, November 23, 2026
Home खेलकूद 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता संपन्न, छात्र वर्ग में हनुमानगढ़ एवं छात्रा...

70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता संपन्न, छात्र वर्ग में हनुमानगढ़ एवं छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा बने चैंपियन

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में विजेता हनुमानगढ़ की टीम को सम्मानित करते अतिथि।

केकड़ी, 07 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता (14 वर्ष छात्र एवं छात्रा वर्ग) का समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबलों में छात्र वर्ग में हनुमानगढ़ तथा छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शारीरिक शिक्षक अरविंद अग्रवाल ने बताया कि छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले में हनुमानगढ़ और उदयपुर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। हनुमानगढ़ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उदयपुर को 2-1 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा वर्ग के फाइनल में भीलवाड़ा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्यावर को 6-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में बाड़मेर एवं छात्रा वर्ग में अजमेर महिला हॉकी अकादमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में विजेता भीलवाड़ा की टीम को सम्मानित करते अतिथि।

मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित: समापन समारोह में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता सीबीईओ सावर मधु गुप्ता ने की। उपखंड अधिकारी सुरेश बलाई ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में अपेक्षित परिणाम नहीं प्राप्त कर सकने वाले खिलाड़ियों को निराश न होकर दुगुने उत्साह एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पार्षद राजेंद्र चौधरी, कैलाश चौधरी, दीपक सोनी, एसडीएमसी सदस्य अनिल राठी, तकनीकी सलाहकार अनिल शर्मा एवं सुमन बाजिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का परिचय व्याख्याता विनोद जैन ने प्रस्तुत किया।

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंचासीन अतिथि।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां: समापन समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्याख्याता रमा दाधीच एवं वेणु सेन का विशेष सहयोग रहा। भामाशाहों एवं संस्थाओं का रहा सहयोग: प्रतियोगिता के आयोजन में भामाशाह गोपाल लाल वर्मा (सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक), समाजसेवी रामेश्वर माण्डिया तथा भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी का विशेष सहयोग रहा। समारोह में संयोजक एवं प्रधानाचार्य गोपाललाल रेगर तथा व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षक गुलाबचंद मेघवंशी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों, सहयोगियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में दमखम दिखाती भीलवाड़ा व ब्यावर की टीमें।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर एमडीसी सचिव मनीष शर्मा, प्रधानाचार्य पारसमल जैन, जितेन्द्र उपाध्याय, हेमेन्द्र चौधरी, रामनिवास कोली, श्रीधर जाट, कालूराम सामरिया, गुलाब सिंह पंवार, व्याख्याता जितेन्द्र बज, ऋतु पाराशर, सुरेश कुमार चौधरी, रमेश डसानिया, देवेंद्र धंधोलिया, सुधीर चंदेल, रामदयाल रेगर, शंकरलाल रेगर, नंदकिशोर गुर्जर, सांवरा गुर्जर, रमाकांत पारीक, राजेंद्र जैन, राजकुमार सुवालका, अशोक चौधरी, भागचंद वर्मा, राजेश सैनी, मदनमोहन परेवा, राजेंद्र सुजेडिया, सुनीता मूलचंदानी, गुणमाला जैन, प्रज्ञा पाराशर, प्रभा पंचोली, प्राची जैन, प्रेम प्रकाश नावरिया, मुकेश शर्मा सहित समस्त स्टाफ सदस्य, शारीरिक शिक्षक एवं आयोजन समिति से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।