केकड़ी, 01 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी एवं शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के आर्थिक सहयोग से मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 को केकड़ी में विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में नेत्र संबंधी विभिन्न समस्याओं की जांच एवं उपचार के साथ मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि शिविर का आयोजन जयपुर रोड स्थित लायंस भवन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच, परामर्श तथा मोतियाबिंद की जांच की जाएगी।

जयपुर में होंगे ऑपरेशन: ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को उसी दिन भर्ती कर जयपुर स्थित शंकरा आई हॉस्पिटल ले जाया जाएगा, जहां मोतियाबिंद के ऑपरेशन सहित लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। शिविर संयोजक लायन डॉ. ब्रजेश गुप्ता एवं लायन विनय कटारिया ने बताया कि ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीजों को क्लब की ओर से चश्मा, भोजन, आवास तथा जयपुर आने-जाने की व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर को सफल बनाने के लिए क्लब सदस्यों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

मेवाड़ा परिवार बना सहयोगी: क्लब प्रशासक लायन दिनेश गर्ग ने बताया कि यह शिविर स्मृतिशेष रामकन्या देवी मेवाड़ा (धर्मपत्नी जगदीश स्वरूप मेवाड़ा) की पुण्य स्मृति में जगदीश स्वरूप मेवाड़ा, आनंद स्वरूप मेवाड़ा, ऋतिक मेवाड़ा, हर्षित मेवाड़ा एवं हर्ष मेवाड़ा तथा द वाइब्रेंट एकेडमी स्कूल मोलकिया केकड़ी परिवार की ओर से आयोजित किया जा रहा है। लायंस क्लब केकड़ी के सचिव लायन विकास माहेश्वरी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नेत्र संबंधी समस्या से पीड़ित अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद मरीजों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की भी अपील की।












