केकड़ी, 02 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मनुष्य जीवन में समय का अत्यंत महत्व है, लेकिन अज्ञानवश व्यक्ति अपना बहुमूल्य समय विषय-कषायों, भोग-विलास और दूसरों की चर्चा में व्यर्थ गंवा देता है। जब समय के महत्व का अहसास होता है, तब पछतावे के अलावा कुछ शेष नहीं रहता। इसलिए समय रहते प्रभु आराधना, संयम और त्याग की भावना अपनाकर धर्म पुरुषार्थ करना चाहिए। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि सच्चे देव, शास्त्र और गुरु के प्रति श्रद्धा एवं आस्था रखकर ही मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर हुआ जा सकता है। विशुद्ध भावों से मुनिवरों को आहार देने का अवसर भी महान पुण्य से प्राप्त होता है।

असहाय को सहारा देना सबसे बड़ा धर्म: आर्यिका माताजी ने कहा कि निराश्रित एवं असहाय व्यक्ति को सहयोग देकर सहारा देना सबसे बड़ा धर्म है। धनतेरस का वास्तविक महत्व केवल धन संग्रह करना नहीं, बल्कि धर्म आराधना और साधना के माध्यम से कर्मों की निर्जरा करना है। धन का सदुपयोग जरूरतमंदों की सहायता में करना चाहिए। श्रद्धा और विश्वास के साथ किए गए धार्मिक कार्य कर्मबंधनों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। धर्मसभा का संचालन बाल ब्रह्मचारी कनक दीदी ने किया।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: प्रातः आर्यिका संघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा एवं जिनेन्द्र अर्चना सहित दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि आचार्य श्री के चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य पवन कुमार, पारस कुमार, नीरज, अमित रोंपा वाले व देवालाल, हिमांशु कुमार उनियारा वाले एवं सुरेश कुमार, अंकित कुमार, आनन्द कुमार उनियारा परिवार को प्राप्त हुआ। दिलीप जैन ने बताया कि सायंकाल आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं आनंद यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए गए।













