Monday, November 23, 2026
Home खेलकूद 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता: छात्र वर्ग में हनुमानगढ़-उदयपुर और छात्रा वर्ग...

70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता: छात्र वर्ग में हनुमानगढ़-उदयपुर और छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा-ब्यावर के बीच होगा फाइनल

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में दमखम दिखाती छात्राएं।

केकड़ी, 06 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई। छात्र वर्ग में हनुमानगढ़ और उदयपुर तथा छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा और ब्यावर की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर खिताबी भिड़ंत में जगह बनाई। बुधवार को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा। शारीरिक शिक्षक अरविंद अग्रवाल ने बताया कि छात्र वर्ग के पहले सेमीफाइनल में हनुमानगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अजमेर को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में उदयपुर की टीम ने बाड़मेर को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। छात्रा वर्ग के पहले सेमीफाइनल में ब्यावर ने महिला अकादमी अजमेर को कड़े मुकाबले में 1-0 से शिकस्त दी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भीलवाड़ा ने जयपुर को 4-2 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

बुधवार को होंगे फाइनल मुकाबले: मंगलवार को दोनों वर्गों में तीसरे स्थान के लिए मुकाबले खेले गए। छात्र वर्ग में बाड़मेर ने अजमेर को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अजमेर की टीम चौथे स्थान पर रही। छात्रा वर्ग में जयपुर और महिला अकादमी अजमेर के बीच तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में महिला अकादमी अजमेर विजयी रही। बुधवार को छात्र एवं छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षक गुलाबचंद मेघवंशी ने बताया कि फाइनल मुकाबले के बाद समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा गोविंद नारायण शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई एवं केकड़ी थानाधिकारी जगदीश चौधरी उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

केकड़ी: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में मैच से पहले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि।

इन्होंने किया सहयोग: प्रतियोगिता के संयोजक एवं प्रधानाचार्य गोपाललाल रेगर ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मीडिया प्रभारी एवं व्याख्याता परिचय पांड्या ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान एमडीसी सचिव मनीष शर्मा, प्रधानाचार्य हेमेन्द्र चौधरी, रामनिवास कोली, श्रीधर जाट, कालूराम सामरिया, ऋतु पाराशर, गुलाब सिंह पंवार, विनोद जैन, सुरेश कुमार चौधरी, रमेश डसानिया, देवेंद्र धंधोलिया, सुधीर चंदेल, रामदयाल रेगर, मदनमोहन परेवा, शंकरलाल रेगर, नंदकिशोर गुर्जर, सांवरा गुर्जर, अशोक चौधरी, भागचंद वर्मा, राजेश सैनी एवं रमा दाधीच, वेणुसेन सहित अन्य स्टाफ सदस्य, शारीरिक शिक्षक तथा आयोजन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।