Monday, November 23, 2026
Home समाज आत्म-स्वरूप की पहचान से ही मोक्ष-पथ प्रशस्त, मोह-माया से दूर रहने का...

आत्म-स्वरूप की पहचान से ही मोक्ष-पथ प्रशस्त, मोह-माया से दूर रहने का संदेश: आर्यिका सुरम्यमति माताजी

केकड़ी: माताजी से आशीर्वाद प्राप्त करते पुण्यार्जक परिवार के सदस्य।

केकड़ी, 08 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि वस्तु स्वरूप का सही मूल्यांकन वही व्यक्ति कर सकता है, जिसे उस वस्तु अथवा विषय का समुचित ज्ञान हो। इसी प्रकार आत्म-स्वरूप का ज्ञान होने पर ही मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानकर मोक्ष-पथ की ओर अग्रसर हो सकता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि मर्यादा के साथ लिया गया व्रत अथवा त्याग ही नियम कहलाता है। विनयपूर्वक गुरुजनों से ज्ञान प्राप्त करने पर मनुष्य के लिए मुक्ति रूपी लक्ष्मी की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि सांसारिक उपलब्धियां प्राप्त होने पर व्यक्ति कुछ समय के लिए सुख और सुकून अनुभव कर सकता है, लेकिन वास्तविक शांति आत्मबल प्राप्त करने से ही संभव है। अहंकार और द्वेष से बचने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अहंकार अंततः मनुष्य को पतन की ओर ले जाता है। निस्वार्थ भाव के अभाव में मनुष्य जब अपने ही भाई-बांधवों के प्रति द्वेष भाव रखने लगता है तो वह स्वयं अपने लिए दुख का मार्ग तैयार करता है। धर्मोपदेश और संतों की वाणी का श्रवण मन को शांति प्रदान करता है।

साधना में साधक बनो, बाधक नहीं: आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने उन्होंने कहा कि किसी की साधना में साधक बनना चाहिए, बाधक नहीं। उन्होंने कहा कि मनुष्य धन और सांसारिक रिश्तों को अपना मानकर उनमें आसक्त हो जाता है, जबकि वास्तविक सत्य आत्मा है। आत्म-स्वरूप की समझ विकसित होने पर ही मनुष्य मोक्ष-पथ की ओर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने साधु-संतों एवं गुरुजनों के वचनों को श्रद्धापूर्वक ग्रहण करने तथा जीवन में उनके संदेशों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन वात्सल्य और करुणा से परिपूर्ण होता है। मनुष्य अपनी आकांक्षाओं और लालसाओं के पीछे भागते हुए भय तथा तनाव से घिर जाता है। भौतिक सुख, मोह-माया और विषय-वासनाओं के पीछे भागने से मन में अशांति बढ़ती है और व्यक्ति सुख-दुख के चक्र में उलझा रहता है। ऐसे में धर्म, संयम और आत्मचिंतन ही मनुष्य को वास्तविक शांति की ओर ले जा सकते हैं।

केकड़ी: माताजी से आशीर्वाद प्राप्त करते पुण्यार्जक परिवार के सदस्य।

जिनाभिषेक व शांतिधारा सहित धार्मिक कार्यक्रम: प्रातःकाल आर्यिका संघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित विभिन्न दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। धर्मसभा के दौरान आचार्य श्री के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य घीसालाल, कैलाशचंद, कंवरपाल, अशोक कुमार, चेतन एवं चंदन जैन मेहरुकलां परिवार तथा भागचंद, संजय कुमार एवं मोनू मंगल गुलगांव परिवार ने प्राप्त किया। मीडिया प्रभारी रमेश बंसल व पारस जैन ने बताया कि आर्यिका संघ के सानिध्य में आरती, संगीतमय जिज्ञासा-समाधान एवं प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन भी हुए। दिलीप जैन के अनुसार श्रद्धालुओं ने धार्मिक आनंद यात्रा में भाग लिया। धर्मसभा का संचालन पंडित निकेत शास्त्री ने किया।