केकड़ी, 04 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि एक हाथ से दान दिया जाए तो दूसरे हाथ को भी पता नहीं चलना चाहिए। यही श्रेष्ठ दान है। इसी प्रकार समाज और परिवार की बेहतरी के लिए सेवा कार्य करते समय भी दिखावे से दूर रहकर नेक नीयत से कार्य करना चाहिए। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की वास्तविकता को समझना जरूरी है। जन्म लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मृत्यु निश्चित है, इसके बावजूद मनुष्य जीवन और मरण के बीच मिले समय का महत्व नहीं समझ पाता। वह परमार्थ, सेवा, संयम और त्याग के प्रति आत्मचिंतन करने के बजाय अभिलाषाओं में अपना बहुमूल्य समय गंवा देता है। जीवन को बेहतर बनाने के लिए चिंतन-मनन आवश्यक है। यदि हम समय का सदुपयोग करेंगे, तभी जीवन सार्थक बन सकेगा। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर ने राग, द्वेष, क्रोध, मान और माया जैसे कषाय भावों का त्याग कर स्वयं को सुधारने की प्रेरणा दी है। मनुष्य को जो प्राप्त है, उसमें संतोष रखना चाहिए। पुरुषार्थ के साथ शांति, संतों की संगति, सेवा और धार्मिक कार्यों में समय लगाना चाहिए। ज्ञान रूपी गंगा का बोध होने पर ही व्यक्ति सही अर्थों में ज्ञान प्राप्त कर सकता है।

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुए विविध आयोजन: धर्मसभा से पूर्व आर्यिका संघ के सानिध्य में नित्याभिषेक, शांतिधारा, जिनेंद्र अर्चना सहित दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। मीडिया प्रभारी रमेश बंसल एवं पारस जैन ने बताया कि आचार्य श्री के चित्र अनावरण, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य दिनेशचंद, प्रकाशचंद एवं अंकित कुमार नासिरदा परिवार तथा महावीर प्रसाद, राजेंद्र कुमार एवं कार्निक बंसल मेहरूकलां परिवार को प्राप्त हुआ। दिलीप जैन के अनुसार शाम को आरती, भक्ति संगीत, जिज्ञासा समाधान, प्रश्नोत्तरी एवं आनंद यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आर्यिका माताजी ने रविवारीय आत्मध्यान के अंतर्गत श्रद्धालुओं को ध्यान योग भी करवाया। कार्यक्रम का संचालन बाल ब्रह्मचारी कनक दीदी एवं पंडित निकेत शास्त्री ने किया।













