केकड़ी, 06 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी एवं शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर रोड स्थित लायंस भवन में विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं ऑपरेशन, फिजियोथेरेपी तथा वेलनेस शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन स्वर्गीय रामकन्या मेवाड़ा की पुण्य स्मृति में जगदीश स्वरूप मेवाड़ा एवं परिवार द्वारा किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान गणेश एवं मेलविन जोन्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। क्लब की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने दिया। शिविर के भामाशाह जगदीश स्वरूप मेवाड़ा सहित सभी सहयोगियों का आभार प्रोजेक्ट चेयरमैन विनय कटारिया ने व्यक्त किया। मंच संचालन क्लब प्रशासक दिनेश चंद्र गर्ग ने किया।

108 नेत्र रोगियों की जांच, 39 ऑपरेशन के लिए चयनित: क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि शिविर में 108 नेत्र रोगियों की निःशुल्क जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जांच के दौरान 39 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों का शंकरा आई हॉस्पिटल जयपुर में आवश्यक उपचार एवं लेंस प्रत्यारोपण के माध्यम से निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। सचिव विकास माहेश्वरी ने बताया कि शिविर में 58 मरीजों को डॉ. विष्णु शर्मा ने फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान कीं, जबकि 35 मरीजों का वेलनेस कोच रोमीता पारिक ने उपचार कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इस प्रकार शिविर के माध्यम से कुल 201 मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

44 नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र एवं पिन से किया सम्मानित: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप प्रांतपाल प्रथम सी.पी. विजयवर्गीय ने लायंस क्लब केकड़ी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लायनवाद की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026-27 में लायंस क्लब केकड़ी की सदस्यता ग्रहण करने वाले 44 नवीन सदस्यों को लायंस क्लब्स इंटरनेशनल द्वारा जारी सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा अंतरराष्ट्रीय लायंस पिन लगाकर सम्मानित किया गया। सदस्यता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिनेश स्वरूप मेवाड़ा, दिनेश चंद्र गर्ग, सतीश मालू, विकास महेश्वरी, आशाराम जांगिड, सतीश रांटा एवं डॉ. सीमा चौधरी को पिन एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सेवा का सम्मान: समारोह में लायंस क्लब केकड़ी के उन सदस्यों का भी विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने वर्षों से लायनवाद के माध्यम से समाजसेवा में अपना योगदान दिया है। दिनेश चंद्र गर्ग को 40 वर्ष, अरविंद नाहटा को 20 वर्ष, अनिल बंसल को 20 वर्ष, शैलेंद्र वाधवानी को 20 वर्ष तथा विनय पांड्या को 10 वर्ष की सेवाओं के लिए लायंस इंटरनेशनल द्वारा प्राप्त आधिकारिक पिन एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हाल ही में नगर पालिका केकड़ी से निर्वाचित पार्षद पुनीत गर्ग, भंवर लाल बज व प्रतिभा जैन, सरवाड़ से मयंक मेवाड़ा एवं कोटा से आए अशोक नुवाल का माला पहनाकर, शॉल एवं साफा वंदन कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करना पहली प्राथमिकता: क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना क्लब की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “मानव सेवा, सहयोग और समर्पण” की भावना के साथ लायंस क्लब केकड़ी भविष्य में भी निरंतर सेवा प्रकल्प आयोजित करता रहेगा। इस मौके पर कोषाध्यक्ष आशाराम जांगिड, आनन्द स्वरूप मेवाड़ा, राकेश जैन, डॉ. ब्रजेश गुप्ता, राजेंद्र लखारा, विनय पांड्या, डॉ. आशीष बाकलीवाल, अनिल दत्त शर्मा, जितेन्द्र मेवाड़ा, नरेन्द्र मेवाड़ा, निरंजन चौधरी, अरुण जंगिड, डॉ. मनोज आहूजा, चन्द्र प्रकाश पारीक, नितेश पाण्डे, धर्मेन्द्र चौधरी, राजेन्द्र सोनी, विकास पांड्या, रोमिता पारीक, विरेन्द्र शर्मा, राकेश दाधोच, अनिल बंसल, महेश सोमानी, रोहित राठी, हितेश मेवाड़ा, आशीष जैन, पदम रांटा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।













