Sunday, November 22, 2026
Home राजनीति अजमेर-कोटा मार्ग स्थित भूखंड के पट्टा विवाद में पार्षद विनीत जैन ने...

अजमेर-कोटा मार्ग स्थित भूखंड के पट्टा विवाद में पार्षद विनीत जैन ने रखा पक्ष, दस्तावेज दिखाकर दी सफाई

केकड़ी: पट्टा विवाद पर अपना पक्ष रखते पार्षद विनीत जैन।

केकड़ी, 20 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा मार्ग स्थित बेशकीमती भूखंड के पट्टा विवाद को लेकर एक अखबार में प्रकाशित खबर के बाद भाजपा के पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी एवं पार्षद विनीत जैन ने अपना पक्ष रखते हुए संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए और पूरे मामले की कानूनी स्थिति स्पष्ट की। जैन ने अपने परिवार के नाम दर्ज भूखंड के पट्टों को वैध बताते हुए कहा कि उक्त जमीन के आवासीय पट्टे वर्ष 2009 में जारी किए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 में कोई नया पट्टा नहीं बनवाया, बल्कि नियमानुसार केवल आवासीय से व्यावसायिक भू-उपयोग परिवर्तन (कन्वर्जन) करवाया है। विनीत जैन के अनुसार अजमेर-कोटा मार्ग स्थित संबंधित भूखंड के आवासीय पट्टे वर्ष 2009 में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला देवी जैन के कार्यकाल में जारी हुए थे। इससे पहले भी इस जमीन की तीन-चार रजिस्ट्रियां हो चुकी थीं।

विधिवत खरीदी जमीन, दस्तावेजों से दी जानकारी: पार्षद विनीत जैन ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने यह जमीन विधिवत रूप से खरीदी थी। इसके बाद नियमानुसार भू-उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। मामले की कानूनी प्रक्रिया के संबंध में उन्होंने बताया कि एक शिकायत के आधार पर नगर पालिका ने 5 फरवरी 2026 को उन्हें नोटिस जारी किया था। इस पर उन्होंने न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त किया। जैन के अनुसार, इसके बाद 19 फरवरी 2026 को नगर पालिका ने न्यायालय में लिखित जवाब प्रस्तुत कर संबंधित नोटिस की पत्रावली निरस्त समझे जाने की बात कही थी। उन्होंने इस संबंध में पालिका की ओर से जारी पत्र और न्यायालय में प्रस्तुत जवाब को भी अपने पक्ष के दस्तावेज के रूप में दिखाया।

निष्पक्ष जांच की मांग: विनीत जैन ने कहा कि अखबार में प्रकाशित खबर के बाद नगर पालिका में भी इस मामले को लेकर चर्चा हुई। ऐसे में उन्होंने संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह भूखंड खरीदा था, तब उनका राजनीति अथवा नगर पालिका से कोई संबंध नहीं था। पार्षद बनने के बाद इस मामले को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। जैन ने नगर पालिका के तत्कालीन अध्यक्ष एवं वर्तमान पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल के वर्ष 2017 के कार्यकाल में उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के नाम जारी किए गए पट्टों की भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा सभी संबंधित पक्षों के दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को समान रूप से जांच के दायरे में लिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।