केकड़ी, 21 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के गोवलिया गांव में वृद्धा लक्ष्मी रावत की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के 72 घंटे के भीतर ही आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया था। शिनाख्त परेड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने अब मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे के लिए पैसों की जरूरत के चलते उसने वृद्धा की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने वृद्धा के सिर पर ईंट और पाइप से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात के समय पहने हुए कपड़े और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

क्या है मामला: पुलिस के अनुसार गोवलिया निवासी ताराचंद रावत ने 8 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दी कि सुबह करीब सात बजे जब वह अपने घर से होटल श्री श्याम रेस्टोरेंट पहुंचा तो उसकी मां लक्ष्मी देवी पत्नी स्वर्गीय मोहन रावत मृत अवस्था में पड़ी मिली। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा चेहरा खून से लथपथ था। यह दृश्य देखकर उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। पूछताछ में पता चला कि पिछली शाम एक संदिग्ध व्यक्ति वृद्धा के पास होटल पर दिखाई दिया था, लेकिन सुबह वह वहां नहीं मिला। मृतका का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से गायब था। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

खुलासे के लिए जुटाए तकनीकी साक्ष्य: मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और एमओबी टीम से निरीक्षण करवाकर साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास तथा बिजयनगर और अजमेर रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मृतका के मोबाइल नंबरों की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर तकनीकी अनुसंधान किया गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई आरोपी की पहचान: सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की सीडीआर के आधार पर संदिग्ध की पहचान तेजपाल सिंह उर्फ तेजी (33) पुत्र साहिब सिंह, निवासी लखनखुर्द, थाना कपूरथला सदर, जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई। आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें रवाना की गईं। पुलिस ने वारदात के 72 घंटे के भीतर पंजाब के कपूरथला से आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुल्जिम को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने के बाद शिनाख्त परेड की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। अनुसंधान के दौरान आरोपी की सूचना पर वारदात के समय पहने हुए कपड़े और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

काम की तलाश में आया, नशे के लिए कर दी हत्या: पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है। उसकी लत से परेशान होकर परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह राजस्थान के भीलवाड़ा और अजमेर क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर चौकीदारी का काम करता था। 7 नवंबर 2026 को करीब दोपहर दो बजे वह काम की तलाश में लक्ष्मी देवी के पास पहुंचा था। लक्ष्मी देवी ने उसे खाना और रहने की व्यवस्था के बदले होटल पर चौकीदारी के काम पर रख लिया तथा काम बढ़ने पर वेतन देने का वादा किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को नशे के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी लालच में उसने रात के समय वृद्धा को अकेला और सोता हुआ पाकर ईंट व पाइप से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका: कार्रवाई में भिनाय थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई मनोहर सिंह (विशेष योगदान), नंदकिशोर, हेड कांस्टेबल सुभाष, नवल सिंह (विशेष योगदान), सुरेन्द्र, कांस्टेबल महेश कुमार, मनजीत सिंह, अजय कुमार, सुनील कुमार, सुरेश (विशेष योगदान), ओमसिंह (विशेष योगदान), महेश (विशेष योगदान), सुमीत और हंसराज सहित पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही।













