केकड़ी, 03 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि संयम का जीवन तलवार की धार के समान है। केवल संयम व्रत धारण कर लेने से साधना पूर्ण नहीं होती, बल्कि संयम के नियमों का पालन करते हुए जीवन को उसके अनुरूप ढालना कठिन साधना है। उन्होंने कहा कि बाह्य विषयों एवं परिणामों के प्रति आसक्ति का त्याग कर, दूसरों की ओर ध्यान लगाए बिना साधु-संतों के वचनों को आत्मसात करते हुए आत्मकल्याण के लिए चर्चा एवं स्वाध्याय के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। परमात्मा और गुरु के प्रति कभी संदेह नहीं करना चाहिए। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में आर्यिका सुस्थिर माताजी के प्रथम दीक्षा दिवस के अवसर पर आयोजित धर्मसभा में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि दीक्षा आत्मकल्याण और मोक्षमार्ग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा इसके लिए निरंतर पुरुषार्थ और आत्मचिंतन आवश्यक है।

गुरु ने दीक्षा प्रदान कर मोक्षमार्ग की ओर किया अग्रसर: दीक्षा दिवस के अवसर पर आर्यिका सुस्थिर माताजी ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके गुरु ने दीक्षा प्रदान कर उन्हें मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर किया, जिसके प्रति वे जीवनभर कृतज्ञ रहेंगी। उन्होंने कहा कि गुरु के इस उपकार का ऋण जन्म-जन्मांतर तक चुकाना संभव नहीं है। आचार्य श्री ने सदैव समय के महत्व का बोध कराया है और कहा है कि समय का कोई भरोसा नहीं होता, इसलिए जब सही मार्गदर्शन मिल रहा हो, तब समय का सदुपयोग कर लेना चाहिए। इस अवसर पर प्रातः आर्यिका संघ के सान्निध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित विभिन्न दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। सकल दिगंबर जैन समाज एवं विभिन्न महिला मंडलों की ओर से साज-बाज एवं मधुर संगीत की स्वर लहरियों के बीच आर्यिका संघ के सान्निध्य में पूर्वाचार्यों के अर्घ्य अर्पित किए गए तथा आचार्य सुन्दर सागर महाराज का पूजन विधान किया गया।

ये बने पुण्यार्जक: मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि सभी कार्यक्रम बा.ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री के निर्देशन में सम्पन्न हुए। आचार्य श्री के चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य पदमचन्द, महावीरप्रसाद, ओमप्रकाश, महेन्द्र कुमार, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार एवं पाक्षिक मित्तल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। दिलीप जैन ने बताया कि शाम को आर्यिका संघ के सान्निध्य में आरती, भक्ति, संगीत प्रश्नोत्तरी, जिनागम समाधान, मंगलाचरण एवं ‘कौन बनेगा ज्ञानपति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न धार्मिक एवं ज्ञानवर्धक आयोजनों में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।












