Tuesday, November 24, 2026
Home समाज सत्संग, साधना व सेवा का संगम बना चातुर्मास, संत जगबल्लभराम महाराज को...

सत्संग, साधना व सेवा का संगम बना चातुर्मास, संत जगबल्लभराम महाराज को दी भावभीनी विदाई

केकड़ी: चातुर्मास समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते संत जगबल्लभराम महाराज।

केकड़ी, 22 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सूरजपाल गेट स्थित श्री रामद्वारा में अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के तत्वावधान में आयोजित तीन माह के चातुर्मास का गुरुवार 22 अक्टूबर को समापन हुआ। पुष्कर से पधारे संत जगबल्लभराम महाराज के सानिध्य में 22 जुलाई से चल रहे चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम सत्संग और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान, जीवन प्रबंधन और प्रभु नाम की साधना का संदेश दिया गया। समापन अवसर पर रामद्वारा परिसर में विशाल महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें केकड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

जयकारों के साथ लिया आशीर्वाद: रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने संत जगबल्लभराम महाराज की आरती उतारकर, शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट कर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ महाराज से आशीर्वाद लिया। संत जगबल्लभराम महाराज के मार्गदर्शन और प्रयासों से केकड़ी के ऐतिहासिक पुराने रामद्वारे का भव्य कायाकल्प हुआ है। उनकी सादगी, मधुर वाणी और आध्यात्मिक प्रवचनों ने श्रद्धालुओं के मन पर गहरी छाप छोड़ी। धर्मप्रेमी नागरिकों ने रामद्वारे के विकास और धार्मिक जागरूकता में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नमन किया।