Tuesday, November 24, 2026
Home समाज महापुरुषों के जीवन चरित्र से मिलती है जीवन संवारने की प्रेरणा: आर्यिका...

महापुरुषों के जीवन चरित्र से मिलती है जीवन संवारने की प्रेरणा: आर्यिका सुरम्य माताजी

केकड़ी: माताजी के पाद प्रक्षालन करते लाभार्थी परिवार के सदस्य।

केकड़ी, 22 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि महापुरुषों के जीवन चरित्र का अध्ययन और उनके आदर्शों पर चर्चा करने से व्यक्ति अपने जीवन को संवार सकता है। संयम, नियम, त्याग और व्रत लेना आसान है, लेकिन उनका पालन करना कठिन होता है। भक्ति में शक्ति है और देव, शास्त्र व गुरु के प्रति समर्पण से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि थोड़ा सा प्यार, अपनापन और प्रशंसा भी जीवन में उत्साह व उमंग भर सकती है। सुख-दुख तथा अच्छे-बुरे समय का आना सामान्य प्रक्रिया है। समय के परिवर्तन के बीच समभाव बनाए रखने से व्यक्ति अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि शरीर को साधना और आराधना के योग्य बनाए रखने के लिए आहार ग्रहण करना चाहिए, न कि केवल स्वाद या तृप्ति के लिए।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: मीडिया प्रभारी रमेश बसल ने बताया कि धर्मसभा में आचार्य श्री के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन व शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य महावीर प्रसाद, अशोक कुमार, पंकज पलासिया वाले परिवार तथा दीपचन्द व अविनाश कुमार मित्तल रामथला परिवार को प्राप्त हुआ। आर्यिका ससंघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा और जिनेन्द्र अर्चना सहित दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। धर्मसभा का संचालन बाल ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पंडित निकेत शास्त्री ने किया। दिलीप जैन के अनुसार शाम को आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान और आनंद यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। आर्यिका माताजी के प्रवचन प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे तथा शाम 6:30 बजे धर्मसभा पंडाल में हो रहे है।