Sunday, November 22, 2026
Home शिक्षा एमएलडी अकादमी में हर्षोल्लास से मनाया दीपावली उत्सव, आकर्षक साज-सज्जा से सजी...

एमएलडी अकादमी में हर्षोल्लास से मनाया दीपावली उत्सव, आकर्षक साज-सज्जा से सजी कक्षाओं ने मोहा मन

केकड़ी: शिक्षिकाओं को उपहार भेंट करते डॉ. अविनाश दुबे।

केकड़ी, 04 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी (एमएलडी) में दीपावली के उपलक्ष्य में दीप उत्सव एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान आयोजित कक्षा सजाओ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाया। कार्यक्रम में संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, अनिरुद्ध दुबे, प्रतिभा दुबे एवं आकांक्षा दुबे सहित विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ब्रह्मानन्द शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुशासन, सहयोग एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।

ये रहा परिणाम: प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल की ओर से अवलोकन किया गया। इसमें ममता कंवर के निर्देशन में नाइंथ गर्ल्स की छात्राओं ने प्रथम, आत्मा सुथार के निर्देशन में कक्षा 11वीं कला वर्ग ने द्वितीय तथा भावना दवे के निर्देशन में कक्षा 12वीं कला वर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया। निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा प्रेम और सद्भाव के साथ जीवन जीने का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया।

केकड़ी: एमएलडी अकादमी में दीपावली उत्सव संस्थान के पदाधिकारी व शिक्षकगण।

भेंट किए उपहार: इस अवसर पर विद्यालय परिसर में मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद निदेशक मंडल ने शिक्षक-शिक्षिकाओं का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा दीपावली उपहार भेंट किए। अंत में संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी की भू​मिका रामराज कुम्हार एवं मनोज कुमार वर्मा ने निभाई।