केकड़ी, 04 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मनुष्य बाहरी भौतिक साधनों में सुख तलाशता है, जबकि वास्तविक सुख उसकी अंतरात्मा में समाहित है। धनवान व्यक्ति भी तृष्णा के कारण दुखी रहता है। ज्ञान का दीपक प्रज्वलित होने पर ही अज्ञान और भ्रम दूर हो सकते हैं। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि जिनवाणी सभी जीवों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। संसार माया और भ्रम का जाल है। विवेकी व्यक्ति वस्तु के वास्तविक स्वरूप को समझकर विषय भोगों में सुख नहीं खोजता। उन्होंने भक्ति, गुरु के प्रति समर्पण और आत्मचिंतन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: प्रातःकाल आर्यिका संघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा एवं जिनेंद्र अर्चना सहित धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि धर्मसभा में चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य सकल दिगंबर जैन समाज के श्रेष्ठीजनों को प्राप्त हुआ। धर्मसभा का संचालन बा.ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री ने किया। दिलीप जैन के अनुसार सायंकाल आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, शंका समाधान एवं आनंद यात्रा के आयोजन हुए।













