Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज शादी में गया था परिवार, पीछे से मकान साफ कर गया चोर,...

शादी में गया था परिवार, पीछे से मकान साफ कर गया चोर, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने दबोचा

केकड़ी: पुलिस की गिरफ्त में चोरी का आरोपी इमरान।

केकड़ी, 14 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने भट्टा कॉलोनी स्थित मोमिन नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार भटटा कॉलोनी मोमिन नगर निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र गुलाम नबी ने 10 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 8 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ नसीराबाद में शादी समारोह में शामिल होने गया था। अगले दिन घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर देखा तो सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिली।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग: पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया तथा वारदात के खुलासे के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा वहां आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्ध इमरान खान उर्फ ताला (25) पुत्र इस्लाम शाह निवासी भट्टा कॉलोनी केकड़ी को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत के चलते चोरी की वारदातों को अंजाम देता है।

पूर्व में भी दर्ज है प्रकरण: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी की दो जोड़ी पायजेब, एक चांदी का ब्रेसलेट तथा एक चांदी की अंगूठी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, हेड कांस्टेबल छोटूराम, कांस्टेबल रूपनारायण, पुखराज (विषेश योगदान), भागचंद और दिनेश (विषेश योगदान) ने अहम भूमिका निभाई है।